Muzaffarnagar: मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान शराब के नशे में धुत रहे दारोगा साहब, अब SSP ने किया सस्पेंड

Share This

मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के दौरान ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले फुगाना थाने के सब-इंस्पेक्टर चौबे सिंह को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने अनुशासनहीनता और कर्तव्य में गंभीर लापरवाही के आरोप में की है।

ये था मामला

सूत्रों के अनुसार, चौबे सिंह कार्यक्रम के दौरान तहसील सदर परिसर के फैमिली कंपाउंड के पास नशे की हालत में अर्धनग्न पाए गए। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें वे मिट्टी में लोटपोट होते दिखाई दिए और बार-बार पूछते रहे कि “मैं कहां खड़ा हूं?”। साथ ही उनकी खाकी वर्दी की स्थिति भी ठीक नहीं थी, जिससे मौके पर मौजूद लोगों के बीच चर्चा और हलचल मची।

दरोगा चौबे सिंह की ड्यूटी खालापार थाना क्षेत्र में वीआईपी सुरक्षा में लगी थी, लेकिन वह अपने प्वाइंट पर मौजूद नहीं थे। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो ने पुलिस विभाग की छवि को भी प्रभावित किया।

सीओ फुगाना यतेंद्र नागर ने बताया कि ड्यूटी के दौरान इस तरह की लापरवाही को गंभीरता से लिया गया है और विभागीय जांच जारी है। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और तीन-स्तरीय सुरक्षा के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एसएसपी ने कहा ये

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में अनुशासन का पालन अनिवार्य है और किसी भी अधिकारी द्वारा ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले में आगे की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इस प्रकरण के बाद पूरे जिले में सुरक्षा उपायों की समीक्षा की गई है और अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि आगामी कार्यक्रमों में इस तरह की कोई लापरवाही न हो। प्रशासन और पुलिस यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी न रहे और सभी वीआईपी कार्यक्रम सुरक्षित ढंग से संपन्न हों।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *