गोंडा रेलवे स्टेशन पर देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें जीआरपी के सिपाही आकाश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। 29 वर्षीय सिपाही आकाश सिंह एक आरोपी को पकड़ने के प्रयास में अचानक ट्रेन की चपेट में आ गए। इस हादसे में उनका दाहिना पैर बुरी तरह कट गया।
आरोपी को पकड़ने समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, जीआरपी पुलिस ने स्टेशन पर शांति भंग करने के आरोप में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया था। देर रात पूछताछ के दौरान आरोपी अचानक पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भागने लगा। सिपाही आकाश ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन भागते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे ट्रेन के रास्ते में आ गए। यह घटना इतनी गंभीर थी कि मौके पर ही उनके पैर का हिस्सा कट गया।
मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें संभाला और गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है और कटे हुए पैर को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
मौके पर पहुंचे अफसर
घटना के बाद स्टेशन पर हड़कंप मच गया। रेलवे प्रशासन और पुलिस टीम ने स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी। हादसे की जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और प्रारंभिक रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
सुरक्षा और ट्रेन संचालन की दृष्टि से भी यह घटना एक चेतावनी है कि स्टेशन पर सतर्कता और सुरक्षित दूरी का पालन कितना जरूरी है। पुलिस ने कहा कि आकाश सिंह की हालत स्थिर है और चिकित्सकीय टीम उनकी निगरानी कर रही है।