मेरठ में एक पुलिस अधिकारी पर उनकी पत्नी ने गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। कंकरखेड़ा थाने में दी गई शिकायत में महिला ने नोएडा क्राइम ब्रांच में तैनात इंस्पेक्टर पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने, मारपीट करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये है मामला
शिकायत के अनुसार महिला की शादी वर्ष 2007 में सुनील दत्त से हुई थी। दंपति के तीन बच्चे हैं, जो वर्तमान में पिता के साथ रह रहे हैं। महिला का आरोप है कि पति अंधविश्वास में विश्वास करता था और विवाह को अशुभ बताते हुए उस पर तलाक लेने का दबाव डालने लगा। पति के भरोसे में आकर उसने तलाक की अर्जी भी दे दी, क्योंकि उसे उम्मीद थी कि बाद में दोनों फिर से साथ रहेंगे।
महिला का कहना है कि तलाक की प्रक्रिया के बाद आरोपी ने उसे अलग मकान दिलाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में उसे अपने साथ ही रखने लगा। इसी दौरान उसने कई बार उसकी इच्छा के विरुद्ध संबंध बनाए। आरोप यह भी है कि गर्भवती होने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और पेट पर वार किया, जिससे गर्भपात हो गया।
अब होगी जांच
पीड़िता ने यह भी कहा कि आरोपी ने एक थाने की जिम्मेदारी पाने के लिए उस पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संबंध बनाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसे प्रताड़ित किया गया। काफी समय तक भटकने के बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की, जिस पर कंकरखेड़ा थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।