Meerut: शादी की तैयारी के बीच महिला कांस्टेबल लापता, पुलिस ने शुरू की सघन तलाश

Share This

मेरठ जिले के मवाना थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब शादी से ठीक कुछ घंटे पहले एक महिला सिपाही के लापता होने की सूचना सामने आई। मामला गांव अकबरपुर सादात का है, जहां शनिवार रात महिला सिपाही की शादी होनी थी और बरात आने की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच शाम के समय अचानक महिला सिपाही गायब हो गई, जिससे परिवार और रिश्तेदारों में अफरा-तफरी मच गई।

युवक पर लगा आरोप

परिजनों का आरोप है कि मेरठ के ही मवाना क्षेत्र के गांव ढिकोली निवासी युवक अंकित महिला सिपाही को अपने साथ ले गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तुरंत मवाना थाना पुलिस को सूचना दी और उच्च अधिकारियों से भी संपर्क किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने महिला सिपाही की सकुशल बरामदगी के लिए तत्काल दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया है। इसके साथ ही स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को भी इस मामले में लगाया गया है।

बताया जा रहा है कि महिला सिपाही की बरात भी गांव ढिकोली से ही आनी थी। होने वाला दूल्हा मुजफ्फरनगर के एक थाने में कांस्टेबल के पद पर तैनात है और वह भी महिला सिपाही के साथ ही पुलिस विभाग में कार्यरत है। महिला सिपाही वर्ष 2021 बैच की कांस्टेबल है।

सीओ ने दी जानकारी

सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि महिला सिपाही और अंकित एक-दूसरे को पहले से जानते थे। महिला सिपाही बालिग है और उसकी उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है। महिला ने खुद अपने परिजनों को फोन कर कहा है कि वह अपनी मर्जी से गई है और घबराने की जरूरत नहीं है। इसके बावजूद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है और दोनों की तलाश व मामले की गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *