सिद्धार्थनगर में युवक की पिटाई से हड़कंप, फरार सिपाहियों पर SP ने घोषित किया 25-25 हजार का इनाम

Share This

सिद्धार्थनगर जिले में सिपाहियों द्वारा एक युवक की बेरहमी से पिटाई का मामला अब तूल पकड़ चुका है। घटना को लेकर विपक्षी दलों ने सरकार और पुलिस प्रशासन पर निशाना साधा है। वहीं, पुलिस पर आरोपी सिपाहियों की गिरफ्तारी का भारी दबाव बना हुआ है। इसी बीच पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. अभिषेक महाजन ने चारों फरार सिपाहियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।

ये था मामला

जानकारी के मुताबिक, 22 अक्टूबर की रात कपिलवस्तु नगर पंचायत के वार्ड नंबर चार निवासी रजनीश पटेल लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन में शामिल होने जा रहे थे। बर्डपुर के पास उन्होंने ट्रैक्टर रोक दिया और समिति के अन्य सदस्यों का इंतजार करने लगे। तभी मोहाना थाने में तैनात चार सिपाही – मनोज यादव, अभिषेक गुप्ता, राजन सिंह और मंजीत सिंह – वहां पहुंचे और ट्रैक्टर हटाने को कहा।

रजनीश ने कारण बताया, लेकिन सिपाहियों ने जबरन उन्हें बाइक पर बैठाकर थाने की ओर ले गए। थोड़ी देर बाद रजनीश ऊंजी पेट्रोल पंप के पास गंभीर अवस्था में घायल मिले। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया। परिवार वालों का आरोप है कि चारों सिपाहियों ने रजनीश की बेरहमी से पिटाई की।

एसपी ने की कार्रवाई

SP महाजन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दो क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में सात विशेष टीमें बनाई हैं। इन टीमों को आरोपियों की तलाश में जिले के बाहर संभावित ठिकानों पर दबिश देने के निर्देश दिए गए हैं। चारों सिपाही पहले ही निलंबित किए जा चुके हैं और पुलिस अब उनकी गिरफ्तारी को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *