पुलिस स्मृति दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहीद पुलिसकर्मियों को याद किया। मंगलवार को उन्होंने X पर पोस्ट कर कहा कि देश और जनता के लिए जान देने वाले जवानों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।
सीएम ने किया पोस्ट
सीएम ने लिखा कि कर्तव्य निभाते हुए प्राण देने वाले हर वीर जवान को नमन है। उनका साहस आने वाली पीढ़ियों को रास्ता दिखाता रहेगा।

इसी बहाने सीएम ने पुरानी सरकारों को भी घेरा। उन्होंने कहा, 2017 से पहले यूपी में माफियाओं की हुकूमत थी। हालात इतने खराब थे कि मथुरा के जवाहर बाग में पुलिस वालों को कानून बचाने के लिए शहीद होना पड़ा था।
गिनाये आंकड़े
योगी ने कहा कि अब तस्वीर बदल गई है। आज के यूपी में कोई भी कानून से बड़ा नहीं है। पहले जहाँ दंगे होते थे, आज वहाँ त्योहार मनते हैं। पुलिस को खुली छूट है कि अपराधी पर बिना दबाव कार्रवाई करे।
सीएम ने अपनी पोस्ट में पुलिस को मजबूत करने के लिए किए गए काम भी गिनाए। उन्होंने बताया –
– पौने तीन साल में सवा दो लाख से ज्यादा नई भर्तियां हुईं
– पुलिस की ट्रेनिंग क्षमता पहले से 10 गुना बढ़ी
– 7 बड़े शहरों में कमिश्नर सिस्टम आया
– हर जिले में साइबर थाना खुला
– हर थाने में महिलाओं के लिए अलग हेल्प डेस्क बनी
साथ ही गैंगस्टर एक्ट में करीब 89 हजार बदमाशों पर एक्शन हुआ और 15 हजार करोड़ से ज्यादा की अवैध प्रॉपर्टी जब्त की गई।
आखिर में सीएम ने कहा कि सरकार शहीदों के परिवारों के साथ खड़ी है और यूपी को पूरी तरह सुरक्षित और डर-मुक्त बनाने के लिए काम करती रहेगी।