लखनऊ। पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी पुलिस को बड़ा तोहफा दिया है। सीएम ने पुलिसकर्मियों के कई भत्तों में बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है, जिससे फील्ड में काम करने वाले सिपाहियों से लेकर अफसरों तक को सीधा फायदा मिलेगा।
किया ये एलान
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि फील्ड ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को मिलने वाला मोटरसाइकिल भत्ता अब 700 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। इसी तरह पीपीएस अधिकारियों को पांच साल में मिलने वाला वर्दी भत्ता 6400 रुपये से बढ़ाकर 15 हजार रुपये किया गया है। सिम और मोबाइल भत्ते को भी 2000 रुपये से बढ़ाकर 2500 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है।
सीएम योगी ने कहा कि पुलिस के जवान बेहद कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी करते हैं। दिन-रात कानून व्यवस्था संभालने से लेकर आम लोगों की सुरक्षा तक, हर मोर्चे पर पुलिस की भूमिका सबसे अहम है। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कि वह जवानों और उनके परिवारों की सुविधाओं का पूरा ख्याल रखे।
उन्होंने कहा कि 2017 के बाद से सरकार ने न सिर्फ पुलिस की संख्या बढ़ाई है, बल्कि सुविधाएं भी बेहतर की हैं। पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों के लिए 5 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की व्यवस्था की गई है। ट्रेनिंग सेंटरों की क्षमता को कई गुना बढ़ाया गया है ताकि जवानों को आधुनिक ट्रेनिंग मिल सके।
सीएम ने ये भी कहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का मकसद पुलिस को बेहतर संसाधन देना है ताकि वे बिना किसी डर के कानून का पालन करा सकें। आज यूपी पुलिस गरीब, पीड़ित, व्यापारी और महिलाओं की सुरक्षा के लिए पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है और माफिया व अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर एक्शन ले रही है।
सीएम ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस सिर्फ शहीदों को श्रद्धांजलि देने का दिन नहीं है। यह दिन उन वीरों के त्याग से सीख लेकर और ज्यादा ईमानदारी और समर्पण के साथ ड्यूटी करने का संकल्प लेने का भी दिन है। शहीदों का बलिदान पुलिस बल को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।