Kaushambi: थाने में अचानक चली गोली, 26 साल की महिला कॉन्स्टेबल की मौत

Share This

 

कौशांबी के महिला थाने में मंगलवार सुबह ड्यूटी के दौरान 26 वर्षीय महिला सिपाही की गोली लगने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई, जब वह थाने के गेट के पास रखी कुर्सी पर बैठने जा रही थी। उसके पास सरकारी राइफल थी। इसी दौरान अचानक फायर हो गया और गोली उसके गले में जा लगी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।

ये है मामला 

मृतका की पहचान प्रियंका यादव के रूप में हुई है। वह गाजीपुर के दूल्हापुर क्षेत्र स्थित सिखरी गांव की रहने वाली थी। पुलिस के अनुसार, प्रियंका ने करीब तीन महीने पहले ही प्रशिक्षण पूरा किया था। कौशांबी महिला थाना उसकी पहली तैनाती थी। जून के अंतिम सप्ताह में उसने यहां कार्यभार संभाला था।

ASP अमिता सिंह के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे प्रियंका ऑफिस के बाहर गेट पर बैठी थी। वह किसी काम से कुछ देर के लिए वहां से उठी थी। लगभग दो मिनट बाद जब वह वापस लौटी और कुर्सी पर बैठने लगी, तभी अचानक राइफल से गोली चल गई।

गोली चलने की आवाज सुनकर थाने में मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रियंका खून से लथपथ हालत में मिली। उसके दाहिने हाथ में राइफल थी। पुलिसकर्मी उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

अफसरों ने किया निरीक्षण

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और राइफल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रियंका के कमरे की तलाशी भी ली गई, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।

पुलिस फिलहाल घटना को हादसे के तौर पर देखते हुए राइफल और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच कर रही है। मौत की परिस्थितियों को स्पष्ट करने के लिए सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *