कानपुर देहात में महिला सिपाही द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। घटना रविवार रात की है, जब बरौर महिला थाने में तैनात सिपाही अंशू शर्मा ने अपने क्वार्टर में जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन और साथी सिपाहियों की मदद से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
ये है मामला
जानकारी के अनुसार, अंशू शर्मा का पांच दिन पहले शिवली थाने में तबादला हुआ था। तब से वह महिला थाना प्रभारी से रिलीविंग लेटर पर साइन कराने के लिए लगातार कोशिश कर रही थीं। चार दिन तक आवेदन लेकर चक्कर लगाने के बाद भी जब रविवार शाम उन्हें फिर टाल दिया गया, तो उन्होंने निराश होकर यह कदम उठा लिया।
बताया जा रहा है कि रविवार को अंशू जब एक बार फिर प्रभारी अमिता वर्मा के पास पहुंचीं, तो उन्हें डांट कर भगा दिया गया। इसके बाद अंशू सीधे अपने कमरे में गईं और जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद उनकी रूम पार्टनर ने उन्हें बेहोशी की हालत में देखा और अन्य सिपाहियों की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
एसपी ने कहा ये
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग सक्रिय हो गया है। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। महिला सिपाही की हालत अभी नाजुक बनी हुई है।