उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के तहत चल रही शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) को लेकर बड़ा अपडेट आया है। लगातार हो रही वर्षा और ग्राउंड में जलभराव के कारण उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने दो जिलों के PET केंद्रों की तिथियां और स्थान बदल दिए हैं।
बोर्ड की ओर से 5 अक्टूबर 2026 को जारी विज्ञप्ति के अनुसार 26वीं वाहिनी पीएसी गोरखपुर और 20वीं वाहिनी पीएसी आजमगढ़ में निर्धारित परीक्षा केंद्रों को पुनर्निर्धारित किया गया है।
नया शेड्यूल इस प्रकार है-
गोरखपुर केंद्र के अभ्यर्थियों के लिए:
– 6 अक्टूबर को गोरखपुर में आवंटित अभ्यर्थियों की PET अब 9 अक्टूबर को 04 वीं वाहिनी पीएसी प्रयागराज में होगी।
– 7 अक्टूबर वाले अभ्यर्थियों की परीक्षा 9 अक्टूबर को 35वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ में।
– 8 अक्टूबर वाले अभ्यर्थियों की परीक्षा 9 अक्टूबर को डॉ. शकुंतला मिश्रा पुनर्वास विश्वविद्यालय लखनऊ में।
– 9 अक्टूबर वाले अभ्यर्थियों की परीक्षा 9 अक्टूबर को ही 25वीं वाहिनी पीएसी रायबरेली में।
– 10 अक्टूबर वाले अभ्यर्थियों की परीक्षा 10 अक्टूबर को 11वीं वाहिनी पीएसी सीतापुर में होगी।
आजमगढ़ केंद्र के अभ्यर्थियों के लिए:
– 6 अक्टूबर को आजमगढ़ में आवंटित अभ्यर्थियों की PET अब 10 अक्टूबर को 35वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ में।
– 7 अक्टूबर वाले अभ्यर्थियों की 10 अक्टूबर को डॉ. शकुंतला मिश्रा विश्वविद्यालय लखनऊ में।
– 8 अक्टूबर वाले अभ्यर्थियों की 10 अक्टूबर को 25वीं वाहिनी पीएसी रायबरेली में होगी।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित अभ्यर्थियों के संशोधित एडमिट कार्ड जल्द ही वेबसाइट http://uppbpb.gov.in पर अपलोड कर दिए जाएंगे। अभ्यर्थियों को नए प्रवेश पत्र पर अंकित केंद्र, तिथि और समय पर ही उपस्थित होना होगा। सभी अभ्यर्थी नवीनतम जानकारी के लिए बोर्ड की वेबसाइट देखते रहें।