राजधानी लखनऊ में आयोजित भव्य दीक्षांत परेड के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। इस ऐतिहासिक आयोजन के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर #UPPolice हैशटैग दुनिया भर में नंबर-1 पर ट्रेंड करता नजर आया। बड़ी संख्या में लोगों ने यूपी पुलिस के इस आयोजन की सराहना करते हुए पोस्ट साझा किए।
आज थी परेड
दरअसल, उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती हुए 60,244 आरक्षियों की दीक्षांत परेड आज प्रदेश के विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों में आयोजित की गई। राजधानी लखनऊ में हुए मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सीएम योगी भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली और नवआरक्षियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनता की सेवा के लिए प्रेरित किया।
यह परेड कई मायनों में खास रही, क्योंकि इतनी बड़ी संख्या में एक साथ आरक्षियों का प्रशिक्षण पूरा होना अपने आप में एक रिकॉर्ड माना जा रहा है। कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए, जिसके चलते यूपी पुलिस का हैशटैग वैश्विक स्तर पर ट्रेंड करने लगा।
भव्यता की हो रही सराहना
सोशल मीडिया यूजर्स ने यूपी पुलिस की तैयारियों, अनुशासन और परेड की भव्यता की जमकर तारीफ की। कई यूजर्स ने इसे प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम बताया।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के बड़े आयोजन न केवल पुलिस बल का मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि आम जनता के बीच सुरक्षा और भरोसे का संदेश भी देते हैं। दीक्षांत परेड के साथ ही यूपी पुलिस ने एक बार फिर अपनी ताकत और आधुनिक प्रशिक्षण क्षमता का प्रदर्शन किया है।