UP Police Constable Exam: आज से शुरू हुई सिपाही भर्ती परीक्षा, 29 लाख अभ्यर्थियों की अग्निपरीक्षा

Share This

उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती होने का सपना देख रहे लाखों युवाओं का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। आज (8 जून) से यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा शुरू हो गई है। राज्यभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थी सुबह से ही पहुंचने लगे। तीन दिनों तक चलने वाली इस भर्ती परीक्षा में करीब 29 लाख उम्मीदवार शामिल होंगे, जो पुलिस विभाग में नौकरी पाने के लिए अपनी किस्मत आजमाएंगे।

आज से परीक्षा का होगा शुभारंभ

परीक्षा 8, 9 और 10 जून को दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह और दूसरी पाली दोपहर में होगी। प्रशासन ने साफ किया है कि निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ऐसे में उम्मीदवारों को समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।

भर्ती परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। राज्यभर के परीक्षा केंद्रों पर हजारों सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है। साथ ही फर्जी अभ्यर्थियों पर रोक लगाने के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था भी की गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं।

परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए अपना वैध पहचान पत्र और एडमिट कार्ड साथ रखना अनिवार्य है। इसके अलावा परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

किराये में मिली छूट

वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अभ्यर्थियों को सरकारी बसों के किराए में 50 फीसदी की छूट दी जा रही है। इसके लिए उम्मीदवारों को यात्रा के दौरान अपना एडमिट कार्ड दिखाना होगा। लाखों युवाओं के लिए यह परीक्षा न केवल नौकरी पाने का अवसर है, बल्कि उनके सपनों को नई उड़ान देने वाली बड़ी परीक्षा भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *