कुशीनगर पुलिस लाइन की एक बैरक में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 2016 बैच के आरक्षी दिनेश यादव अपने बिस्तर पर बेसुध पड़े मिले। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें आवाज दी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। करीब जाकर देखा तो उनके मुंह से झाग निकल रहा था। तत्काल उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंचे अफसर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। बैरक का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष निकालने से बच रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मौत किन परिस्थितियों में हुई।
मऊ के थे निवासी
दिनेश यादव मूल रूप से मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के सिकरीकोल गांव के रहने वाले थे। उनके निधन की खबर परिवार को दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस जांच के दौरान बैरक में मौजूद अन्य कर्मियों से भी जानकारी जुटा रही है। शुरुआती जांच में किसी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।