भदोही में वर्दी वाले पहलवान का दांव, अखाड़े में चैलेंज दे रहे पहलवान को दारोगा ने चित्त किया

Share This

 

भदोही। कोइरौना थाने में तैनात दारोगा प्रमोद यादव ने पुलिस की ड्यूटी के साथ पहलवानी का हुनर भी दिखा दिया। रविवार को सीएम योगी के कार्यक्रम की ड्यूटी से लौटते समय सोनइचा मेले में चल रहे दंगल में वो अखाड़े में उतर गए। वहां एक पहलवान सभी को खुली चुनौती दे रहा था, जिसे दारोगा ने वर्दी में ही पटकनी देकर हरा दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

17 साल की उम्र में खेल कोटे से बने थे सिपाही

दरअसल, गाजीपुर के बहादुरगंज निवासी प्रमोद यादव अंतरराष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी हैं। महज साढ़े 17 साल की उम्र में खेल कोटे से यूपी पुलिस में उनकी भर्ती हुई थी। वो यूपी पुलिस के लिए लगातार 16 साल तक स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।

प्रमोद यादव मेलबर्न में हुई वर्ल्ड पुलिस कुश्ती चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीत चुके हैं। सब जूनियर टीम से लाहौर में भी मुकाबले लड़ चुके हैं। 2010 कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए भी उनका चयन हुआ था, लेकिन टॉस की वजह से वह हिस्सा नहीं ले पाए थे।

सीएम योगी दे चुके हैं ‘गोरखपुर केसरी’ का खिताब

गोरखपुर में 8 साल की तैनाती के दौरान उनके प्रदर्शन को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें ‘गोरखपुर केसरी’ से सम्मानित किया था। हाल ही में जोनल पुलिस कुश्ती चैंपियनशिप में गोल्ड जीतने पर एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने भी उन्हें सम्मानित किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *