अंकित बालियान हत्याकांड: हरियाणा में तीन फरार आरोपियों की संपत्ति कुर्क, एक-एक लाख के हैं इनामी

Share This

शामली के चर्चित अंकित बालियान हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपियों पर पुलिस ने अब संपत्ति जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी है। रविवार को शामली पुलिस की टीमें हरियाणा पहुंचीं और कोर्ट के आदेश के बाद तीन आरोपियों के घरों में मौजूद कुर्की योग्य सामान जब्त कर लिया। कार्रवाई की जद में एक लाख रुपये के इनामी शूटर आर्यन संधू और सत्यम कादयान के अलावा राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया आया है।

पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी, लेकिन वे हाथ नहीं आए। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत पहले उन्हें फरार घोषित किया गया और अब न्यायालय की अनुमति से उनके घरों की संपत्ति कुर्क की गई है।

सोनीपत और करनाल में पुलिस की कार्रवाई

पुलिस की एक टीम सोनीपत के शाहपुर तुर्क पहुंची, जहां राहुल उर्फ भोलू का मकान है। टीम ने वहां से डबल बेड, सेफ, वाशिंग मशीन, एसी, संदूक, एलईडी और जिम से जुड़ा सामान जब्त किया। दूसरी टीम ने करनाल में आर्यन संधू और सत्यम कादयान के ठिकानों पर कार्रवाई की।

आर्यन के घर से सेफ, वाशिंग मशीन, एसी, संदूक, एलईडी और इनवर्टर-बैटरी समेत अन्य सामान लिया गया। वहीं सत्यम के घर से सेफ, दीवान बेड, सोफा, डाइनिंग टेबल और जिम का सामान जब्त किया गया। पुलिस के मुताबिक, कुर्क किया गया सामान शामली लाया गया है।

हत्या के बाद सोशल मीडिया पर आया था दावा

अंकित बालियान की 26 अगस्त की शाम शामली के आर्यपुरी इलाके में जिम के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद सोशल मीडिया पर गोगी गैंग की ओर से हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कार्रवाई तेज की।

31 अगस्त को पुलिस मुठभेड़ में सोनीपत के रहने वाले दो कथित शूटर मोहित और सुमित मारे गए थे। वहीं राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया, आर्यन संधू और सत्यम कादयान अभी फरार हैं। तीनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित है।

एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं। आरोपियों की तलाश कई राज्यों में की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *