अंबेडकरनगर के राजेसुल्तानपुर थाने में एक युवक के साथ कथित रूप से थर्ड डिग्री टॉर्चर किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन सिपाहियों—संजीत पाठक, सतीश यादव और हिमांशु सोलियान—को लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच का जिम्मा सीओ आलापुर प्रदीप सिंह चंदेल को सौंपा गया है।
ये था मामला
जानकारी के अनुसार, देवरिया बुजुर्ग गांव के रहने वाले अंकित तिवारी को पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (एक्स) पर मिली शिकायत के आधार पर तीन दिन पहले हिरासत में लिया था। आरोप है कि थाने में बंद रखने के दौरान रातभर उसे बेल्ट से पीटा गया, जिससे उसके शरीर पर चोटें आईं और मानसिक रूप से भी प्रताड़ना झेलनी पड़ी।
अगले दिन पुलिस ने उसका शांति भंग की धारा में चालान कर दिया। पीड़ित का यह भी आरोप है कि शिकायत करने पर उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। इस घटना के बाद युवक ने एसपी को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया।
सिपाहियों पर जांच जारी
मामले ने राजनीतिक और सामाजिक संगठनों का भी ध्यान खींचा। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित से मुलाकात की, जबकि सवर्ण आर्मी ने आलापुर में प्रदर्शन कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। प्राथमिक जांच में आरोपों को गंभीर मानते हुए पुलिस प्रशासन ने संबंधित सिपाहियों पर कार्रवाई की है और आगे की जांच जारी है।