मेरठ में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर एक वीडियो ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक पुलिस चौकी के भीतर दारोगा कुछ युवकों के साथ जन्मदिन मनाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू करा दी है।
ये है मामला
बताया जा रहा है कि यह वीडियो जाकिर कॉलोनी चौकी का है, जहां तैनात दारोगा अंकित का हाल ही में जन्मदिन था। इसी मौके पर चौकी परिसर में केक काटे जाने का कार्यक्रम हुआ। वीडियो में दारोगा के आसपास कई युवक नजर आ रहे हैं। इन्हीं में एक युवक अब्दुल रहमान भी बताया जा रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद अब्दुल रहमान को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई। पुलिस की शुरुआती जांच में उसके खिलाफ दो मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा वह खुद को एआईएमआईएम का महानगर सचिव बताता है। ऐसे में पुलिस चौकी के अंदर उसके दारोगा के साथ मौजूद होने को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
मामला अधिकारियों तक पहुंचने के बाद पूरे घटनाक्रम की पड़ताल शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चौकी परिसर में जन्मदिन का आयोजन किसकी अनुमति से हुआ था और कार्यक्रम में मौजूद लोगों का दारोगा से क्या संबंध था। वीडियो में दिखाई देने वाले दूसरे युवकों की पहचान भी की जा रही है।
सीओ ने कहा ये
सीओ कोतवाली संग्राम सिंह को जांच की जिम्मेदारी दी गई है। उनके मुताबिक, सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो का संज्ञान लिया गया है और मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के दौरान दारोगा के साथ दिखाई दे रहे अब्दुल रहमान के खिलाफ दर्ज मुकदमों की जानकारी भी सामने आई है।
अधिकारियों को जांच रिपोर्ट भेजी जा रही है। रिपोर्ट के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो ने पुलिसकर्मियों के आचरण और पुलिस चौकी के इस्तेमाल को लेकर बहस छेड़ दी है।