UP: जलती कार में फंसे थे 3 युवक, दारोगा ने शीशा तोड़कर बचाई जान

Share This

आगरा के कुबेरपुर में रविवार देर रात एक दारोगा की सूझबूझ और साहस से बड़ा हादसा टल गया। भागूपुर पुल के पास एनएच-19 पर ओवरटेक करने के दौरान एक क्विड कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। पलटते ही कार आग की लपटों से घिर गई। अंदर तीन युवक फंसे थे और मदद के लिए चीख रहे थे। इसी दौरान गश्त कर रहे थाना एत्मादपुर के उप निरीक्षक अवनीश अग्निहोत्री मौके पर पहुंचे और अपनी जान की परवाह किए बिना तीनों को बाहर निकाल लिया।

ये था मामला

हादसा रात करीब 12:50 बजे हुआ। फिरोजाबाद से आगरा की ओर जा रही कार में कोटला निवासी जतिन (20), पवन (20) और रुद्र (22) सवार थे। कार रुद्र चला रहा था। भागूपुर पुल पर ओवरटेक करते समय अचानक वाहन बेकाबू हो गया। डिवाइडर से टकराने के बाद कार पलट गई और उसमें आग लग गई।

घटना के समय उप निरीक्षक अवनीश अग्निहोत्री हमराह आरक्षी के साथ कांवड़ ड्यूटी में गश्त कर रहे थे। सड़क पर धधकती कार दिखाई दी तो वह तत्काल वहां पहुंचे। कार के भीतर युवकों को फंसा देखकर उन्होंने बिना समय गंवाए शीशा तोड़ दिया। आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन दारोगा ने जोखिम उठाते हुए तीनों युवकों को एक-एक कर बाहर निकाल लिया।

तीनों को भेजा अस्पताल

इसके बाद पुलिस ने तीनों घायलों को तत्काल एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड ने कार की आग बुझाई और क्षतिग्रस्त वाहन को हाईवे से हटवाया। पुलिस के अनुसार इलाज के बाद तीनों युवकों की हालत खतरे से बाहर है।
दारोगा अवनीश अग्निहोत्री की तत्परता और साहस की वजह से तीनों युवकों की जान बच सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *