आगरा में पुलिस पर आरोपों की बरसात, दंपति से मारपीट का मामला

Share This

आगरा जिले के पिनाहट इलाके से पुलिस पर गंभीर आरोपों का मामला सामने आया है। गांव पाती रामपुरा के रहने वाले सोनू दिवाकर ने आरोप लगाया कि थाने में तैनात एक दरोगा पुलिस टीम के साथ उसके घर पहुंचा और जबरन अंदर घुसकर हंगामा किया।

ये था मामला 

पीड़ित के मुताबिक, दरोगा ने घर में घुसते ही अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर जब उसकी पत्नी बीच-बचाव के लिए आई, तो उसके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई।

सोनू का कहना है कि उस पर पहले से दर्ज एक पुराने मामले को खत्म करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। दरोगा ने कथित तौर पर धमकी दी कि अगर उसने मुकदमा वापस नहीं लिया, तो उसे किसी अन्य मामले में फंसा कर जेल भेज दिया जाएगा।

घटना के दौरान पुलिसकर्मियों पर मोबाइल छीनने का भी आरोप है, ताकि कोई सबूत सामने न आ सके। हालांकि, पीड़ित ने चुपचाप घटना का वीडियो बना लिया, जिसे उसने पुलिस अधिकारियों को सौंप दिया है।

शुरू हुई जांच

पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पूर्वी से की है। अधिकारियों ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच शुरू करा दी है। साथ ही, जांच में दोष साबित होने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा भी दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *