लखनऊ। सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी राजेश पांडेय को उनकी पुस्तक ‘वर्चस्व’ के लिए गृह मंत्रालय, भारत सरकार के राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित गौरव पुरस्कार योजना-2024 के अंतर्गत प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें न्यायालयी विज्ञान, पुलिस अनुसंधान, अपराध शास्त्र एवं पुलिस प्रशासन जैसी श्रेणियों में उनके योगदान के लिए प्रदान किया गया।
गृह मंत्री ने दिया था पुरस्कार
यह पुरस्कार 14-15 सितंबर 2024 को गुजरात के गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर कन्वेंशन एवं एग्जिबिशन सेंटर में आयोजित समारोह में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा प्रदान किया गया।
इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने पुलिस मुख्यालय, सिग्नेचर बिल्डिंग में राजेश पांडेय से मुलाकात कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान राजेश पांडेय ने अपनी एक अन्य पुस्तक “चरणवंदना” की प्रति डीजीपी को भेंट की।
अभी कहां हैं राजेश पांडेय
उल्लेखनीय है कि राजेश पांडेय अलीगंज स्थित महावीर जी मंदिर में सचिव पद पर कार्यरत हैं। सेवानिवृत्त होने के बाद भी वे साहित्य, समाजसेवा और प्रशासनिक मार्गदर्शन के माध्यम से सक्रिय योगदान दे रहे हैं। वर्ष 2022 में सेवा निवृत्त हुए पांडेय को यह पुरस्कार उनके बहुआयामी योगदान के लिए प्रदान किया गया है।