भूमि विवादों पर सख्त हुआ प्रशासन, प्रयागराज में भूमाफियाओं के खिलाफ तेज होगी कार्रवाई

Share This

प्रयागराज में भूमाफियाओं और अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में जिला स्तरीय एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई, जिसमें पुलिस आयुक्त जोगेन्द्र कुमार और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में साफ कहा गया कि शासन की मंशा के अनुरूप भूमाफियाओं के खिलाफ प्रभावी और निरंतर कार्रवाई की जाए तथा अवैध कब्जों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त न किया जाए।

अवैध कब्जों पर होगी कार्रवाई

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सरकारी, सार्वजनिक और निजी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को चिन्हित कर उन्हें हटाने की प्रक्रिया तेज की जाए। इसके साथ ही अवैध तरीके से अर्जित संपत्तियों पर भी कानूनी कार्रवाई की जाए। बैठक में यह भी तय किया गया कि गंभीर मामलों में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने सभी तहसीलों में भूमाफियाओं की सूची का दोबारा सत्यापन कराने का निर्णय लिया है। उपजिलाधिकारी और एसीपी संयुक्त रूप से अपने-अपने क्षेत्रों की समीक्षा करेंगे और नए सक्रिय भूमाफियाओं को सूची में शामिल करेंगे। अधिकारियों को भूमाफिया पोर्टल पर भी अद्यतन जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।

डीएम ने भी ये कहा

जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में सामने आने वाले अनेक आपराधिक मामलों की वजह भूमि विवाद होती है। ऐसे मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग को तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पैमाइश के बाद लगाई गई सीमांकन पत्थर या निशान को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया तथा भूमाफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की प्रगति की समीक्षा की गई। प्रशासन का कहना है कि अवैध कब्जों और भूमि संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *