हाथरस: चौकीदार की बेटी की शादी में मददगार बनी यूपी पुलिस, 31 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी

Share This

 

हाथरस जिले में यूपी पुलिस का एक मानवीय और सराहनीय चेहरा सामने आया है। सहपऊ थाना क्षेत्र में तैनात चौकीदार रामवीर सिंह की बेटी की शादी के अवसर पर पुलिसकर्मियों ने आर्थिक सहयोग कर सामाजिक संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। पुलिसकर्मियों ने आपसी सहयोग से 31 हजार रुपये की धनराशि एकत्र कर चौकीदार के परिवार को ससम्मान भेंट की।

आज है शादी

जानकारी के अनुसार, चौकीदार रामवीर सिंह की बेटी का विवाह 23 जून को संपन्न होना था। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए सहपऊ पुलिस ने मदद का हाथ बढ़ाया। इस पहल को जिले के पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा की प्रेरणा और मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। पुलिसकर्मियों ने स्वेच्छा से योगदान देकर राशि जुटाई और विवाह से पहले चौकीदार को सौंप दी।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के सुख-दुख में सहभागी बनना भी उसकी जिम्मेदारी है। चौकीदार पुलिस व्यवस्था का अहम हिस्सा होते हैं और ऐसे अवसरों पर उनके साथ खड़ा होना पुलिस परिवार का दायित्व है।

आर्थिक सहायता मिलने पर रामवीर सिंह और उनके परिवार ने हाथरस पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के इस सहयोग से उन्हें बड़ी राहत मिली और बेटी की शादी की तैयारियों में मदद मिली।

लोग कर रहे सराहना

स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना की है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि अक्सर पुलिस की भूमिका कानून-व्यवस्था तक ही देखी जाती है, लेकिन इस तरह के कार्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करते हैं।

हाथरस पुलिस की इस संवेदनशील पहल की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है और लोग इसे पुलिस के मानवीय चेहरे की एक प्रेरणादायक मिसाल बता रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *