कानपुर। महाराजपुर थाना परिसर में सोमवार को एक युवक के आत्मदाह के प्रयास के दौरान उसे बचाने के लिए आगे आए थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी झुलस गए। युवक ने पारिवारिक विवाद से परेशान होकर थाने में ही खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। पुलिसकर्मियों ने बिना अपनी जान की परवाह किए आग में घिरे युवक को बचाने की कोशिश की, जिसमें वे भी घायल हो गए।
ये है मामला
जानकारी के अनुसार, फुफवार गांव निवासी युवक अपनी पत्नी से जुड़े विवाद को लेकर शिकायत दर्ज कराने महाराजपुर थाने पहुंचा था। पुलिस उसकी शिकायत सुन रही थी और मामले की सच्चाई जानने के लिए परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान युवक अचानक गुस्से में आ गया और थाने के बाहर निकलकर अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली।
युवक को आग की लपटों में घिरा देख थाना प्रभारी जनार्दन सिंह, एक उपनिरीक्षक और एक सिपाही तुरंत उसकी ओर दौड़े। पुलिसकर्मियों ने कंबल और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान तीनों पुलिसकर्मी भी झुलस गए, लेकिन उन्होंने युवक को आग से बाहर निकाल लिया।
सभी को भेजा गया अस्पताल
घटना के बाद युवक और घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। थाना प्रभारी स्वयं सरकारी वाहन से युवक को अस्पताल लेकर पहुंचे। फिलहाल चारों का इलाज जारी है और डॉक्टर उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं।
प्रारंभिक जांच में मामला पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, युवक अपनी शिकायत के समाधान की मांग कर रहा था। बातचीत के दौरान अचानक उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि युवक को बचाने के दौरान पुलिसकर्मियों ने साहस और मानवता का उदाहरण पेश किया है, जो काबिले तारीफ है।