कानपुर: बिठूर थाना क्षेत्र में युवती की शिकायत पर पुलिस ने अमेठी में तैनात एक सिपाही को गिरफ्तार किया है। युवती ने सिपाही पर शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने और बाद में विवाह से पीछे हटने का आरोप लगाया था। पुलिस ने आरोपी को अयोध्या से पकड़ा। सोमवार को कोर्ट में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
ये है मामला
मामला उस समय शुरू हुआ जब आरोपी अश्वनी चौहान बिठूर क्षेत्र में युवती के घर किराए पर रहता था। इसी दौरान दोनों के बीच जान-पहचान बढ़ी। युवती का आरोप है कि अश्वनी ने उसे शादी करने का भरोसा दिलाया और इसी बहाने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। कुछ समय बाद आरोपी की पुलिस विभाग में नौकरी लग गई।
युवती के मुताबिक, नौकरी मिलने के बाद अश्वनी के व्यवहार में बदलाव आ गया और उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। शिकायत में युवती ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने विवाह के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने उसे धमकाया। इसके अलावा जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने का आरोप भी लगाया गया है।
शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच एसीपी कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह को सौंपी गई। पुलिस जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद बिठूर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया और आरोपी की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान सामने आया मामला
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अश्वनी अयोध्या में मौजूद है। इसके बाद बिठूर पुलिस की टीम ने वहां पहुंचकर रविवार रात उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सोमवार को आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज के अनुसार, मामले में आरोपी के माता-पिता और उसके दो भाइयों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।