राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में रविवार को अवैध रूप से पाले जा रहे पशुओं को पकड़ने पहुंची नगर निगम की टीम पर जमकर हंगामा हुआ। कार्रवाई के दौरान पशुपालकों ने नगर निगम कर्मचारियों के साथ मौजूद पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर दिया। लाठी-डंडों से मारपीट के बाद सरकारी वाहनों पर पथराव किया गया। घटना में बुद्धेश्वर चौकी प्रभारी विनय पटेल समेत चार लोग घायल हुए हैं।
मामला आदर्श विहार और जनता विहार कॉलोनी का है। नगर निगम को इलाके में अवैध तरीके से पशु पालने की सूचना मिली थी। इसके बाद कैटल कैचर टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने कार्रवाई शुरू करते हुए करीब 18 भैंसों को पकड़ लिया और उन्हें वाहनों में चढ़ाया जा रहा था। इसी दौरान कुछ पशुपालक भड़क गए और उन्होंने टीम का विरोध शुरू कर दिया।
पुलिसकर्मियों को घेरकर की मारपीट
विरोध जल्द ही हिंसक हो गया। आरोप है कि मौके पर मौजूद लोगों ने लाठी-डंडों से नगर निगम कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। कुछ सुरक्षाकर्मियों को घेरकर उनके साथ मारपीट की गई। स्थिति बिगड़ने पर आरोपितों ने नगर निगम की टीम और सरकारी वाहनों को निशाना बनाते हुए पथराव भी शुरू कर दिया।
हमले में बुद्धेश्वर चौकी प्रभारी विनय पटेल के सिर में गंभीर चोट आई है। इसके अलावा नगर निगम के तीन कर्मचारी भी घायल हुए हैं। अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
चार सरकारी वाहनों के शीशे टूटे
पथराव में नगर निगम के चार सरकारी वाहनों के आगे के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मौके की स्थिति संभाली और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अब हमले में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
नगर निगम की टीम पर कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला होने से मामला गंभीर हो गया है। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद लोगों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान में जुटी है।