स्थायी DGP बनने के बाद CM योगी से मिले राजीव कृष्णा, बोले- जनता की सुरक्षा और बेहतर सेवा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता

Share This

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस के स्थायी पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त होने के बाद राजीव कृष्णा ने रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास कालीदास मार्ग पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और शुभकामनाएं भी दीं।

करीब चार वर्ष बाद उत्तर प्रदेश को स्थायी डीजीपी मिला है। 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी राजीव कृष्णा मई 2025 से कार्यवाहक डीजीपी के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उन्हें राज्य पुलिस बल की कमान स्थायी रूप से सौंप दी गई है। राजीव कृष्णा वर्तमान में सतर्कता अधिष्ठान के निदेशक का दायित्व भी संभाल रहे हैं।

इंटरव्यू में कहा ये

स्थायी डीजीपी बनने के बाद दिए गए एक विशेष साक्षात्कार में राजीव कृष्णा ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता जनता को बेहतर से बेहतर सेवा प्रदान करना होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का लक्ष्य पूरी तरह स्पष्ट है। प्रदेश का हर नागरिक सुरक्षित महसूस करे, व्यापारी निर्भय होकर अपना कारोबार कर सके, महिलाओं को पूर्ण सुरक्षा का वातावरण मिले और अपराधियों के मन में कानून का भय बना रहे।

उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस तकनीक, खुफिया तंत्र और जमीनी स्तर की पुलिसिंग को और प्रभावी बनाएगी। आम जनता और पुलिस के बीच विश्वास बढ़ाना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

विश्वसनीय अधिकारी हैं राजीव कृष्णा

राजीव कृष्णा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विश्वसनीय अधिकारी माना जाता है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) को भेजे गए पैनल में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों रेणुका मिश्रा, पियूष आनंद और राजीव कृष्णा के नाम शामिल थे। शासन स्तर पर विचार-विमर्श के बाद राजीव कृष्णा के नाम पर अंतिम मुहर लगी।

राजीव कृष्णा का पुलिस सेवा में लंबा और विविध अनुभव रहा है। वह फिरोजाबाद, इटावा, मथुरा, फतेहगढ़, बुलंदशहर, नोएडा और आगरा जैसे महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस कप्तान रह चुके हैं। उन्हें यूपी एटीएस के आधुनिकीकरण का भी श्रेय दिया जाता है। इसके अलावा वह प्रदेश के एकमात्र ऐसे आईपीएस अधिकारी हैं, जिन्हें दो बार लखनऊ के एसएसपी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई।

मुख्यमंत्री से मुलाकात और उनके मार्गदर्शन के बाद अब प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में राजीव कृष्णा के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश पुलिस की नई कार्ययोजना पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *