अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र के गांव छपना निवासी हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार के अचानक लापता होने से परिवार और पुलिस विभाग दोनों परेशान हो गए थे। कई दिनों तक तलाश के बाद पुलिस ने उन्हें गजरौला क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। फिलहाल उन्हें उनके परिवार के हवाले कर दिया गया है।
ये था मामला
प्रदीप कुमार रामपुर पुलिस लाइंस में तैनात हैं। इस साल जनवरी में उनकी ड्यूटी प्रयागराज के माघ मेले में लगाई गई थी। बताया जाता है कि मेले में ड्यूटी पूरी करने के बाद उन्होंने वापस अपनी तैनाती स्थल पर जॉइन नहीं किया। लंबे समय तक गैरहाजिर रहने के कारण विभाग की ओर से उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई। इसी सिलसिले में अप्रैल में उनके घर नोटिस भी भेजा गया था।
परिजनों के मुताबिक नोटिस मिलने के कुछ दिन बाद, 16 मई को वह घर से बिना बताए कहीं चले गए। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार ने रहरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से उनकी तलाश शुरू की।
ऑपरेशन मुस्कान के तहत बरामद
बुधवार को ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस ने प्रदीप कुमार को गजरौला के हसनपुर रोड से बरामद कर लिया। बताया जा रहा है कि वह सड़क किनारे एक दुकान के पास बैठे मिले थे। पुलिस ने पूछताछ के बाद उन्हें उनके बड़े भाई के सुपुर्द कर दिया।
परिवार का कहना है कि प्रदीप कुमार की तबीयत पिछले कुछ समय से ठीक नहीं चल रही थी और उनका इलाज कराया जा रहा है। वहीं पुलिस अधिकारी मामले में ज्यादा टिप्पणी करने से बचते नजर आए।