अयोध्या में दर्दनाक हादसा: डीसीएम की टक्कर से आरक्षी की मौत, साथी पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल

Share This

 

अयोध्या में गोरखपुर–लखनऊ हाईवे पर मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें रामजन्मभूमि सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक आरक्षी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बूथ नंबर चार के पास उस समय हुआ जब दोनों आरक्षी ड्यूटी खत्म कर बाइक से जा रहे थे।

ये है मामला

जानकारी के अनुसार, कानपुर नगर के चकेरी निवासी गौतम सिंह और कौशांबी निवासी अभय कुमार गौतम की तैनाती बांदा जिले में थी। दोनों को हाल ही में अयोध्या में रामजन्मभूमि की सुरक्षा ड्यूटी के लिए भेजा गया था। मंगलवार रात ड्यूटी समाप्त करने के बाद दोनों एक ही बाइक से लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार अनियंत्रित डीसीएम वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सिपाही सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान गौतम सिंह का सिर डीसीएम के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अभय कुमार गौतम गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया।

मौके पर पहुंचे अफसर

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी ने बताया कि दोनों आरक्षी बांदा से एक माह पहले अयोध्या ड्यूटी पर आए थे और 2011 बैच के हैं। गौतम सिंह की ड्यूटी येलो जोन में थी, जबकि अभय कुमार रेड जोन में तैनात थे।

घटना के बाद बुधवार को पोस्टमार्टम के उपरांत मृतक आरक्षी का शव उनके परिजनों को सौंप दिया गया। इस दौरान एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी सहित कई पुलिस अधिकारियों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *