कानपुर में ड्यूटी पर जा रहे ट्रैफिक सिपाही की दर्दनाक मौत, तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर

Share This

कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र स्थित एलिवेटेड रोड पर सोमवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में ड्यूटी पर जा रहे एक ट्रैफिक सिपाही की जान चली गई। हादसे में 2018 बैच के ट्रैफिक सिपाही जितेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी सिपाही राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

ऐसे हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 4 बजे एलिवेटेड रोड पर जाम की सूचना मिलने के बाद नौबस्ता बाईपास पर तैनात ट्रैफिक सिपाही जितेंद्र कुमार और राकेश कुमार बाइक से मौके के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सिपाही जितेंद्र कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसने ट्रक से नियंत्रण खो दिया और आगे चल रहे एक कंटेनर में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया। काफी मशक्कत के बाद केबिन काटकर उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी भी मौत हो चुकी थी।

मौके पर पहुंचे अफसर

घटना की सूचना मिलते ही बर्रा थाना पुलिस, राहत टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) डॉ. विपिन टाडा और डीसीपी ट्रैफिक रवींद्र कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली। मृत सिपाही और ट्रक चालक के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

बताया जा रहा है कि मृतक सिपाही जितेंद्र कुमार आगरा के रहने वाले थे और वर्ष 2018 बैच में पुलिस सेवा में भर्ती हुए थे। उनकी असमय मौत से पुलिस विभाग में शोक की लहर है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है, जबकि करीब दो घंटे तक प्रभावित रहा यातायात बाद में सामान्य करा दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *