उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक दारोगा पर ट्रक से 20 हजार रुपये चोरी करने का आरोप लगा है। घटना के बाद ट्रक ड्राइवर ने आरोपी दारोगा को पकड़कर सरेआम पीटा और उससे पैसे बरामद कर पुलिस के हवाले कर दिया। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
ये है मामला
जानकारी के अनुसार, हमीरपुर में तैनात दारोगा गिरीश मिश्रा कानपुर से हमीरपुर एक ट्रक में सवारी के तौर पर जा रहा था। रास्ते में उसने कथित तौर पर ट्रक में रखे 20 हजार रुपये चुरा लिए और उन्हें अपनी वर्दी में छिपा लिया। जैसे ही ट्रक यमुना पुल के पास पहुंचा, दारोगा ने वाहन रुकवाकर उतरने की कोशिश की और वहां से भागने लगा।
इस पर ट्रक ड्राइवर को शक हुआ और उसने पीछा कर दारोगा को पकड़ लिया। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी और हाथापाई हो गई। मारपीट के दौरान दारोगा की वर्दी से 500-500 रुपये के नोट जमीन पर गिरने लगे, जिससे मामला और भी साफ हो गया। ड्राइवर ने मौके पर बिखरे पैसे भी एकत्र किए और आरोपी को पकड़कर स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया।
वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला गंभीर हो गया। पुलिस विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी दारोगा गिरीश मिश्रा को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही उसके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
हमीरपुर सदर के सीओ यशपाल सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना ने पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, जबकि सोशल मीडिया पर लोग इस मामले पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।