जालौन के सिरसाकलार थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमला कर सिपाहियों को बंधक बनाने और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। इस घटना में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार लोगों में तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। मुख्य आरोपियों में सफीक खान, मजीद खान और सलमान खान का नाम सामने आया है।
ये है मामला
पुलिस के मुताबिक, सिरसाकलार थाना पुलिस एनसीआर से जुड़े एक मामले में वांछित आरोपी मजीद खान को पकड़ने उसके घर गई थी। इसी दौरान आरोपी और उसके परिजनों ने पुलिस टीम का विरोध किया और देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई। आरोप है कि भीड़ ने पुलिसकर्मियों को घेरकर उनके साथ मारपीट की और उन्हें बंधक बना लिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और अतिरिक्त फोर्स बुलाकर हालात को काबू में किया गया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
सभी आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और बंधक बनाने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हुआ है।
वायरल हो रहा वीडियो
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे लंगड़ाते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि पुलिस ने इस वीडियो पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। थाना प्रभारी ने साफ कहा है कि पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।