कानपुर। कमिश्नर के एक सवाल ने पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। सवाल सिर्फ इतना था – पनकी इंस्पेक्टर किसके आदेश पर छुट्टी पर गए हैं? लेकिन इस एक सवाल का जवाब किसी के पास नहीं था। न वायरलेस पर, न फोन पर। आखिरकार जवाब न मिलने पर कमिश्नर ने सख्त कदम उठाया और इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट को लाइन हाजिर कर दिया।
ये है मामला
दरअसल, मंगलवार को जय प्रकाश नगर की रहने वाली रितु सिंह कमिश्नर दफ्तर पहुंची थीं। उन्होंने शिकायत की थी कि दीपक यादव उर्फ राजा यादव ने उन्हें सरकारी आवास दिलाने के नाम पर 1 लाख 77 हजार रुपये ठग लिए। आवास भी किसी और के नाम का निकला। पीड़िता की शिकायत पर कमिश्नर रघुबीर लाल ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पनकी इंस्पेक्टर को हाजिर होने को कहा।
लेकिन इंस्पेक्टर वहां पहुंचे ही नहीं। कमिश्नर कार्यालय से कई बार फोन किया गया, कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद कमिश्नर ने वायरलेस सेट पर ही मैसेज भेज दिया। उन्होंने पूछा कि पनकी इंस्पेक्टर की लोकेशन क्या है? वह किसके आदेश पर अवकाश पर गए हैं? वायरलेस पर भी सन्नाटा छा गया।
कमिश्नर ने साफ कह दिया कि जब तक इंस्पेक्टर एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर डॉ. विपिन ताडा के सामने पेश होकर स्पष्टीकरण नहीं देंगे, तब तक थाने में उनकी आमद दर्ज नहीं होगी।
एडीसीपी के सामने हुए पेश
इसके बाद आनन-फानन में इंस्पेक्टर एडीसीपी डॉ. ताडा के सामने पेश हुए। उन्होंने कहा कि रास्ते में गाड़ी खराब हो गई थी, इसलिए देर हो गई। लेकिन कमिश्नर इस जवाब से संतुष्ट नहीं हुए।
पूरे मामले की जांच एडीसीपी वेस्ट योगेश कुमार को सौंप दी गई है। जांच पूरी होने तक इंस्पेक्टर पुलिस लाइन में संबद्ध रहेंगे। वहां उन्हें CER की ट्रेनिंग दी जाएगी, जो पुलिसकर्मियों को फिट रखने और तुरंत एक्शन के लिए तैयार करने के लिए कराई जाती है।