झांसी में पुलिस और बदमाश के बीच दिनदहाड़े मुठभेड़ हो गई। यह कार्रवाई भजोंद इलाके के जंगलों में उस वक्त हुई, जब पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम संदिग्धों की तलाश में कांबिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने भागते हुए पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
ये है मामला
मुठभेड़ के दौरान थाना मोठ के प्रभारी अखिलेश द्विवेदी को गोली लगी, जो उनके सीने पर बुलेट प्रूफ जैकेट में जाकर लगी। इस वजह से उनकी जान बच गई। वहीं जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी। घायल बदमाश को गिरफ्तार कर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान वीरेंद्र राजपूत के रूप में हुई है, जो झांसी का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, वीरेंद्र एक शातिर बदमाश है और उसके खिलाफ लूट, रंगदारी और अवैध हथियार रखने जैसे कुल 10 आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
एसएसपी ने दी जानकारी
एसएसपी झांसी ने जानकारी देते हुए बताया कि वीरेंद्र की गिरफ्तारी लंबे समय से लंबित थी। उसकी गतिविधियों पर पुलिस नजर बनाए हुए थी। आज की मुठभेड़ में उसकी गिरफ्तारी पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है।
फिलहाल घायल आरोपी अस्पताल में इलाजरत है और ठीक होने के बाद उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस अब उसके गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।