मुंबई पुलिस को नया आयुक्त मिल गया है। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी देवेन भारती को मुंबई पुलिस का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है। 1994 बैच के अधिकारी भारती वर्तमान में मुंबई पुलिस में स्पेशल पुलिस आयुक्त के पद पर कार्यरत थे। इससे पहले वे मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) पद पर सबसे लंबे समय तक सेवाएं देने वाले अधिकारी रह चुके हैं।
आज जारी हुआ आदेश
देवेन भारती को महाराष्ट्र का तेज-तर्रार पुलिस अफसर माना जाता है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के भरोसेमंद अधिकारियों में उनकी गिनती होती है और यही कारण है कि उन्हें मुंबई पुलिस की कमान सौंपी गई है। यह नियुक्ति एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव मानी जा रही है। उनकी इस नई नियुक्ति की आधिकारिक पुष्टि बुधवार को एक सरकारी आदेश के जरिए की गई।
कौन हैं देवेन भारती
भारती मूल रूप से बिहार के दरभंगा के रहने वाले हैं। उन्होंने झारखंड से मैट्रिक और दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से स्नातक की पढ़ाई की है। अपने करियर में उन्होंने मुंबई में डीसीपी (जोन 7 – बांद्रा से अंधेरी) और क्राइम ब्रांच में डीसीपी के रूप में भी काम किया है। इसके अलावा वे महाराष्ट्र के पुलिस महानिरीक्षक (कानून-व्यवस्था) और एटीएस प्रमुख के रूप में भी कार्यरत रह चुके हैं।
देवेन भारती का नाम कई हाई-प्रोफाइल केसों की जांच से जुड़ा रहा है। वे 26/11 मुंबई आतंकी हमले और पत्रकार जेडे की हत्या जैसे मामलों की जांच में अग्रणी रहे हैं। इंडियन मुजाहिदीन के नेटवर्क को तोड़ने में भी उन्हें बड़ी सफलता मिली थी।