हापुड़ जिले में पुलिसकर्मियों की लापरवाही और अनुशासनहीनता पर एसपी केजी सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को उन्होंने कुल सात पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइनहाजिर कर दिया। इनमें चार उपनिरीक्षक और तीन सिपाही शामिल हैं।
इन पर हुई कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, सिंभावली थाने में तैनात एक दरोगा और एक सिपाही पर जनता से दुर्व्यवहार और जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। वहीं पिलखुवा कोतवाली में उपनिरीक्षक भानु प्रताप, अभिषेक प्रताप और हेमंत सिंह को ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई का सामना करना पड़ा। इनके साथ कांस्टेबल राजकुमार और राहुल को भी लाइन भेज दिया गया है।
इसके अलावा उपनिरीक्षक राजदीप दिनकर और हेड कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह को अनुशासनहीनता और ढीले रवैये के चलते पुलिस लाइन में रिपोर्ट करने का आदेश दिया गया है।
एसपी ने कहा ये
एसपी केजी सिंह ने कहा कि पुलिस की छवि जनता से व्यवहार पर निर्भर करती है। ड्यूटी में कोताही या असम्मानजनक बर्ताव को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन ने भी इस कदम का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि अब पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाएंगे।