Gorakhpur Daroga Viral Video: गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्रों के प्रदर्शन के बीच पुलिस के एक दारोगा का कथित धमकी भरा वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में पुलिस अधिकारी धरने पर बैठे छात्रों से तीखे अंदाज में बात करते दिखाई दे रहे हैं। बातचीत के दौरान दारोगा छात्रों को पुलिस फोर्स बुलाने की बात कहते हैं और उनका लहजा काफी सख्त नजर आता है।
वीडियो में दारोगा छात्रों से कहते सुनाई दे रहे हैं, “ये गोरखपुर पुलिस है… इतनी फोर्स मंगाऊंगा, ठंडा कर दूंगा, याद रखना।” पुलिस अधिकारी छात्रों के धरने के तरीके पर भी सवाल उठाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसको लेकर बहस शुरू हो गई है।
धरने के बीच क्यों पहुंची पुलिस?
मामला दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय का है। यहां छात्र अपनी मांगों को लेकर कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। मंगलवार को प्रदर्शन के दौरान प्रशासनिक भवन के दोनों गेट पर ताला लगा दिया गया था। इसके बाद विश्वविद्यालय परिसर में आवाजाही प्रभावित हुई और शिक्षक-कर्मचारियों समेत अन्य लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
हालात को देखते हुए विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर डॉ. वेद प्रकाश राय छात्रों से बातचीत करने पहुंचे थे। इसी दौरान छात्रों और प्रॉक्टर के बीच विवाद की स्थिति बन गई। मामला बढ़ने के बाद प्रॉक्टर वहां से निकल गए और पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस टीम विश्वविद्यालय परिसर पहुंची।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पुलिस अधिकारी छात्रों के बीच खड़े नजर आ रहे हैं। वह प्रदर्शन के तरीके पर नाराजगी जताते हुए छात्रों को चेतावनी देते हैं। इसी दौरान उनकी ओर से फोर्स बुलाने और छात्रों को “ठंडा” करने की बात कही जाती है।
हालांकि, वायरल वीडियो के सामने आने के बाद अब इस बात को लेकर चर्चा हो रही है कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों से पुलिस अधिकारी का इस तरह का व्यवहार उचित था या नहीं। वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
किस बात को लेकर आंदोलन कर रहे छात्र?
गोरखपुर विश्वविद्यालय के छात्र अपने साथियों के निष्कासन की कार्रवाई वापस लेने की मांग कर रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि स्टूडेंट्स से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठाने वाले छात्रों के खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई की गई है। आंदोलनकारी इसी कार्रवाई को रद्द करने की मांग को लेकर धरने और अनशन पर बैठे हैं।