कांवड़ यात्रा 2026 को सकुशल और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए मेरठ रेंज पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत कर दिया है। डीआईजी कलानिधि नैथानी के निर्देशन में यात्रा मार्गों, प्रमुख शिवालयों और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी के लिए हाईटेक सुरक्षा प्लान तैयार किया गया है। पुलिस का फोकस श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने पर है।
डीआईजी ने दी जानकारी
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान रेंज के सभी जिलों में लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके लिए आधुनिक तकनीक का बड़े स्तर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। यात्रा मार्गों पर करीब 3000 आईपी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि हजारों सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए 100 ड्रोन कैमरे, 19 वॉच टावर और 30 वॉचिंग वॉल्स भी तैनात किए गए हैं।
डीआईजी ने कहा कि संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम के जरिए सभी प्रमुख स्थानों की निगरानी की जाएगी और जरूरत पड़ने पर तुरंत संबंधित टीमों को अलर्ट किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर भी है नजर
उन्होंने सोशल मीडिया को लेकर भी सख्त चेतावनी दी है। डीआईजी ने कहा कि यात्रा के दौरान अफवाह फैलाने, भ्रामक वीडियो शेयर करने या माहौल खराब करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और गलत सूचना फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मेरठ रेंज पुलिस के अनुसार, इस बार सुरक्षा व्यवस्था में तकनीक और बेहतर समन्वय को प्राथमिकता दी गई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें आपसी तालमेल के साथ कांवड़ यात्रा के हर चरण पर नजर रखेंगी, ताकि शिवभक्तों को सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल मिल सके।