कुशीनगर में वाहन जांच के दौरान एक सिपाही को तेज रफ्तार ट्रक रोकने की कोशिश करना भारी पड़ गया। आरोप है कि चालक ने पुलिसकर्मी को रास्ते से हटाने के बजाय उसकी बाइक को टक्कर मार दी और फिर सड़क पर गिरे सिपाही को ट्रक से कुचल दिया। हादसे में सिपाही का बायां पैर गंभीर रूप से जख्मी हुआ है। घटना के बाद भागे ट्रक को पुलिस ने बिहार में पीछा कर पकड़ लिया।
ये है मामला
मामला तरयासुजान थाना क्षेत्र की बहादुरपुर पुलिस चौकी का है। बुधवार देर रात करीब दो बजे पुलिसकर्मी बिहार की तरफ से यूपी में प्रवेश करने वाले वाहनों की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान लाल बालू से भरा एक ट्रक वहां पहुंचा। पुलिस टीम ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति से आगे निकल गया।
सिपाही बृजेश मणि त्रिपाठी ने बाइक से ट्रक का पीछा शुरू किया। सलेमगढ़ के सिअरहा गांव के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज के कट पर उन्होंने ट्रक को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान चालक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बृजेश बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि चालक ने इसके बावजूद ट्रक नहीं रोका और उनका पैर पहिए के नीचे आ गया।
हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। साथी पुलिसकर्मियों ने तत्काल घायल सिपाही को गोरखपुर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बृजेश सुल्तानपुर के रहने वाले हैं और 2025 बैच के सिपाही हैं। करीब दो महीने पहले ही उन्हें बहादुरपुर चौकी पर पहली तैनाती मिली थी।
पुलिस ने किया पीछा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। तरयासुजान पुलिस और बहादुरपुर चौकी की टीम ने ट्रक का पीछा किया और बिहार के बथनाकुट्टी हाईवे के पास उसे रोक लिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।