Amroha: सिपाही की वजह से परिवार में छाई खुशी की लहर, 10 साल बाद घर पहुंचा लापता बेटा

Share This

अमरोहा जिले के सिपाही अश्वनी कुमार, जो एसपी कार्यालय की रिट सेल में तैनात हैं, ने अपनी संवेदनशीलता से एक परिवार को खोया हुआ सदस्य लौटा दिया। उनके इस कदम की लोग काफी सराहना कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनकी काफी तारीफ हो रही है। आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर ये पूरा मामला है क्या।

ये था मामला 

जानकारी के मुताबिक, मुरादाबाद के बुद्धि विहार में किराए के मकान में रहने वाले अश्वनी रोजाना बाइक से ड्यूटी पर आते-जाते हैं। 23 अगस्त की शाम वह दफ्तर से लौट रहे थे, तभी डिडौली थाना क्षेत्र के जिवाई चौकी के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति को अकेला बैठे देखा। मैले कपड़ों में उस शख्स ने पहले तो पुलिसकर्मी से अभद्रता की, लेकिन अश्वनी ने हार नहीं मानी।

उन्होंने उसे चाय पिलाई, बातचीत की और फिर अपने मुरादाबाद स्थित दोस्तों की मदद से उसे नहलाकर नए कपड़े पहनाए व खाना खिलाया।

अश्वनी, जिनके इंस्टाग्राम पर 4.5 मिलियन से ज्यादा फॉलोवर हैं, ने उसकी एक रील सोशल मीडिया पर साझा कर दी।

परिजन ले गए वापस

यही वीडियो मुंबई तक पहुंचा और वहां रहने वाले एक परिवार ने उस व्यक्ति को पहचान लिया। उन्होंने बताया कि यह उनके मामा सलीम हैं, जो देवरिया जिले के महुआडीह थाना क्षेत्र के निवासी हैं और करीब दस साल पहले मानसिक रोग के चलते लापता हो गए थे। परिवार ने तुरंत संपर्क किया और वीडियो कॉल पर 77 वर्षीय मां ने भी अपने बेटे को पहचान लिया। गुरुवार शाम परिजन अमरोहा पहुंचे और सलीम को अपने साथ घर ले गए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *