सहारनपुर। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल गंगोह थाने पर तैनात 2025 बैच के सिपाही विशाल कुमार की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है और स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। सिपाही के स्वास्थ्य में सुधार की खबर मिलने के बाद पुलिस विभाग के अधिकारियों और सहकर्मियों ने राहत की सांस ली है।
ये है मामला
जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद जनपद निवासी सिपाही विशाल कुमार सहारनपुर से वीआईपी ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइक से गंगोह लौट रहे थे। इसी दौरान रामपुर मनिहारन के समीप उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही उन्हें तत्काल उपचार के लिए मेडिग्राम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में सिपाही का इलाज शुरू किया गया। शुरुआती दौर में उनकी हालत गंभीर बताई गई थी, लेकिन उपचार के बाद अब उनकी स्थिति में काफी सुधार हुआ है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है।
पुलिस स्टाफ ने की शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना
सिपाही विशाल कुमार के सड़क हादसे में घायल होने की सूचना मिलने के बाद गंगोह थाने के पुलिसकर्मियों में चिंता का माहौल रहा। थाना प्रभारी इन्द्रेश चौहान, मौ. दाऊद रजा सहित समस्त पुलिस स्टाफ ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी।
अब विशाल कुमार की हालत खतरे से बाहर होने की जानकारी मिलने पर पुलिसकर्मियों ने राहत महसूस की है। सहकर्मी उनके जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर ड्यूटी पर लौटने की कामना कर रहे हैं।
फिलहाल सिपाही विशाल कुमार का अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी हालत में लगातार सुधार बताया जा रहा है।