मऊ: दिवाली पर घर लौट रहे सिपाही की सड़क हादसे में मौत, परिवार के साथ विभाग में शोक की लहर

Share This

मऊ। दीपावली की रात खुशियों के बीच घोसी कस्बे से एक दर्दनाक खबर आई। कोपागंज थाना क्षेत्र के पास सोमवार-मंगलवार की रात सड़क हादसे में घोसी नगर निवासी प्रशिक्षु नागरिक पुलिसकर्मी राधा कृष्ण उर्फ किशन सोनकर (38) की मौत हो गई। वह इन दिनों प्रयागराज पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

देर रात हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, राधा कृष्ण सोनकर दीपावली पर अवकाश लेकर अपने पैतृक घर घोसी कस्बा खास बाजार पहुंचे थे। देर शाम परिवार के साथ त्योहार मनाने के बाद वे रात करीब दो बजे अपनी निजी मोटरसाइकिल से मऊ लौट रहे थे। बताया गया कि कोपागंज के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही कोपागंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक पहले भारतीय सेना में सेवाएं दे चुके थे, इसके बाद उन्होंने नागरिक पुलिस में चयनित होकर नई पारी शुरू की थी। परिवार वर्तमान में मऊ शहर में निजी आवास पर रहता है।

राधा कृष्ण अपने पीछे पत्नी पूनम (35 वर्ष), बेटी सीमू (16 वर्ष) और पुत्र हनी (10 वर्ष) को छोड़ गए हैं। दीपावली की रात उनका यूं चला जाना पूरे परिवार और क्षेत्र के लोगों के लिए गहरा सदमा बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *