अमरोहा तिगरी मेला 2025: डीएसपी अंजली कटारिया की पहल ने बनाया मेले को खास

Share This

वेस्ट यूपी के अमरोहा जिले में हर साल आयोजित होने वाला सुप्रसिद्ध तिगरी मेला इस बार और भी खास होने वाला है। मेले की तैयारियों में सबसे अहम भूमिका निभा रही हैं डीएसपी अंजली कटारिया, जिन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को मेले में आने के लिए खास अंदाज में आमंत्रित किया है। अंजली कटारिया, जो 2016 बैच की पीपीएस अधिकारी हैं और मूल रूप से मुरादाबाद की रहने वाली हैं, सोशल मीडिया पर अपने सक्रिय और आकर्षक पोस्ट के लिए जानी जाती हैं।

एक्स अकाउंट पर किया पोस्ट

उन्होंने अपने ट्विटर (एक्स) हैंडल पर मेले की तैयारियों की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “महाकुंभ नहीं जा पाए? तिगरी धाम आइए। गंगाजी का घाट है, साधु संतों का समागम है, सांस्कृतिक कार्यक्रम हैं, मेला, झूले, मौज-मस्ती है और दिल्ली से मात्र डेढ़ घंटे दूर।” उन्होंने मेले की जानकारी के लिए व्हॉट्सऐप चैनल का लिंक भी साझा किया।

अंजली कटारिया ने दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज से ग्रेजुएशन और अंबेडकर यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके अलावा, उन्होंने आईआईटी मद्रास से बैचलर ऑफ साइंस की डिग्री भी हासिल की। फिलहाल, वह नौगांवा, अमरोहा में डिप्टी एसपी के पद पर तैनात हैं और हमेशा सामाजिक कार्यक्रमों में पुलिस की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देती रही हैं।

कब होगा मेले का आरंभ

तिगरी मेले का औपचारिक शुभारंभ 1 नवंबर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ किया जाएगा। मेले में रामलीला मंचन, लोक नृत्य, बॉलीवुड और हरियाणवी कलाकारों की प्रस्तुतियां, जादूगर जुगनू का मैजिक शो, कॉमेडी शो और कवि सम्मेलन आयोजित होंगे। इसके अलावा, अमेरिका गॉट टैलेंट शो के श्रेय खन्ना और बॉलीवुड सिंगर आकांक्षा शर्मा व निष्ठा शर्मा भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।

अंजली कटारिया की सक्रियता और इनोवेटिव सोशल मीडिया कम्युनिकेशन के कारण इस बार तिगरी मेला न सिर्फ स्थानीय बल्कि आसपास के जिलों और दिल्ली से आने वाले पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *