पीलीभीत। ग्राम पीराताल में मंगलवार को मामूली खेत की मेड को लेकर शुरू हुआ झगड़ा अचानक तनावपूर्ण हो गया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मौके पर विवाद सुलझाने पहुँची डायल 112 की पुलिस टीम ही ग्रामीणों के गुस्से का शिकार बन गई।
ये था मामला
सूत्रों के मुताबिक, विवाद की सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल दीपक शर्मा, महिला कांस्टेबल संतोष कुमारी, निर्मला और चालक जितेंद्र यादव गांव पहुंचे थे। पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की, लेकिन तभी एक पक्ष के लोग, जिनमें पुरुषों के साथ महिलाएं भी शामिल थीं, लाठी-डंडे लेकर आ धमके।
देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए। पुलिस टीम को घेरकर गाली-गलौज की गई, वर्दी फाड़ दी गई और सरकारी पिस्टल छीनने तक का प्रयास किया गया।
केस हुआ दर्ज
हमले से किसी तरह अपनी जान बचाकर पुलिसकर्मी बाहर निकले और अतिरिक्त बल को बुलाया। न्यूरिया थाना पुलिस ने पहुंचकर भीड़ को खदेड़ा और कई आरोपियों को पकड़कर थाने ले गई। प्रभारी थानाध्यक्ष एवं प्रशिक्षु सीओ गायत्री यादव ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस पर हमला करने और पिस्टल छीनने की कोशिश करने वालों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।