बरेली बवाल: पुलिस ने जारी किया ड्रोन वीडियो, भीड़ को मुश्किल से काबू करते दिखे पुलिस के जवान

Share This

बरेली में 26 सितंबर को हुए बवाल को लेकर पुलिस अब एक्शन मोड में नजर आ रही है। बुधवार को पुलिस ने उस दिन का ड्रोन वीडियो जारी किया, जो बवाल के हालात को साफ-साफ दिखाता है। वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह खलील तिराहे के पास भीड़ एकत्र हुई और स्थिति बेकाबू हो गई। यह भीड़ इत्तेहाद-ए-मिल्लत कौंसिल (आईएमसी) के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा के आह्वान पर जुटी थी। लेकिन मौलाना की गैरमौजूदगी के चलते माहौल बिगड़ गया और हालात अराजक हो गए।

मजबूरी में पुलिस ने की थी कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, जब भीड़ ने पुलिस की बात नहीं मानी तो स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले छोड़े गए। वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी भीड़ को रोकने की लगातार कोशिश कर रहे हैं। वहीं, कई जगहों पर तोड़फोड़ और हंगामे की झलक भी नजर आई।

इस बवाल के बाद पुलिस ने अब तक 10 एफआईआर दर्ज की हैं, जिनमें 125 नामजद और करीब 3,000 अज्ञात आरोपी बनाए गए हैं। अब तक 75 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें मौलाना तौकीर रजा समेत कई प्रमुख नाम शामिल हैं।

एसआईटी खंगाल रही सबूत

इस मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है, जो बवाल की हर परत को खंगाल रही है। ड्रोन फुटेज को अब सबूत के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे आरोपियों की पहचान और घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *