मुरादाबाद। मुंडापांडे थाना क्षेत्र में गोमांस तस्करी के आरोपित की गिरफ्तारी के लिए गई पुलिस टीम पर हमला हो गया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान पथराव, मारपीट और फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। भारी बवाल के बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।
ये है मामला
थाना मुंडापांडे के एसएचओ मोहित चौधरी के नेतृत्व में टीम खानपुर लख्खी निवासी माजिद अली उर्फ अल्लामेहर को पकड़ने उसके घर पहुंची थी। पुलिस के अनुसार, दबिश की भनक लगते ही घर की महिलाओं ने शोर मचाकर लोगों को इकट्ठा कर लिया। देखते ही देखते भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर पथराव और मारपीट शुरू कर दी। हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि सिपाही संजीत कुमार को गंभीर चोट आई।
हंगामे के बीच माजिद छत पर चढ़ गया और बिजली आपूर्ति काटने के साथ फायरिंग करने लगा। मौके की नजाकत देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त फोर्स बुलाई। एसपी सिटी रणविजय सिंह और सीओ हाईवे राजेश यादव के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को तमंचे समेत गिरफ्तार कर लिया।
बाकी की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि माजिद मांस की दुकान की आड़ में अवैध गोमांस की बिक्री करता है। हाल ही में गोहत्या मामले में उसका नाम सामने आया था। घटना के बाद सात नामजद और 25–30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने चार महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।