कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र के भरवारी रेलवे स्टेशन पर शनिवार दोपहर एक पुलिस सिपाही ने मालगाड़ी के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद स्टेशन पर अफरातफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई। रेलवे प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाने के लिए कदम उठाना शुरू कर दिया है। स्थानीय लोग इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं और सिपाही के आत्महत्या के कारण जानने के लिए बेचैन हैं।
हमीरपुर में थी तैनाती
घटना तब हुई जब प्रयागराज से कानपुर की ओर जाने वाली मालगाड़ी प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंची। युवक ओवरब्रिज के पास बैठा था, लेकिन अचानक वह पटरी पर आ गया। लोको पायलट ने कई बार हॉर्न बजाकर उसे हटाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं हटा और ट्रेन ने उसे टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने मृतक की पहचान शिव श्याम के रूप में की है, जो 2011 बैच का सिपाही था। वह कोखराज थाना क्षेत्र के टेंगाई गांव का निवासी था और मंझनपुर कोतवाली के समदा में रहता था। उसकी तैनाती हमीरपुर जिले में थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए प्रयागराज भेज दिया गया है।
जांच के बाद सामने आएगी वजह
पुलिस अधिकारी इस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटे हैं। आरपीएफ चौकी प्रभारी प्रशांत कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक की पहचान के बाद आत्महत्या के पीछे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या सिपाही मानसिक तनाव या किसी अन्य समस्या के कारण ऐसा कदम उठा सकता है। मामले की पूरी जांच के बाद ही सही वजह सामने आएगी।