अलीगढ़ जिले के ग्राम पखोदना में रविवार को बड़ा हादसा टल गया। बाढ़ का मंजर देखने पहुंचे दो ग्रामीण अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर गहरे पानी में बहने लगे। देखते ही देखते दोनों की जान पर बन आई। मौके पर मौजूद ग्रामीण मदद के लिए चिल्लाने लगे, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि कोई भी सीधे तौर पर भीतर उतरने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था।
समय पर पहुँची पीएसी रेस्क्यू टीम
इसी बीच संयोग से 15वीं वाहिनी पीएसी, आगरा की रेस्क्यू टीम वहां से लौट रही थी। जवानों ने ग्रामीणों की चीख-पुकार सुनी और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। फ्लड उपकरणों और स्टीमर की मदद से जवान पानी में उतरे और अदम्य साहस का परिचय देते हुए कुछ ही मिनटों में दोनों ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाल लाए।
रेस्क्यू टीम के इस साहसिक कार्य की ग्रामीणों ने जमकर सराहना की। बाढ़ में डूबते लोगों को बचाकर पीएसी जवानों ने न केवल उनकी जान बचाई बल्कि यह संदेश भी दिया कि आपदा के समय पुलिस और पीएसी हरदम जनता के साथ खड़ी है।
यूपी पुलिस का संदेश
यूपी पुलिस ने इस घटना का वीडियो और जानकारी साझा करते हुए लिखा है – “जहाँ संवेदना – वहाँ सुरक्षा। संकट की घड़ी में हमारी टीमें हमेशा आपकी सुरक्षा के लिए तैयार हैं।”