शिप्रा नदी में में गिरी पुलिसकर्मियों की कार, दो के शव मिले, महिला कांस्टेबल की तलाश जारी

Share This

मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में शिप्रा नदी के एक बड़े पुल से एक कार गिरने की घटना सामने आई है। इस हादसे में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई है, जबकि एक महिला आरक्षक अब भी लापता है। अधिकारियों के अनुसार, गिरने वाली कार में उन्हेल थाना प्रभारी अशोक शर्मा, सब-इंस्पेक्टर मदनलाल निनामा और महिला आरक्षक आरती पाल सवार थे।

ऐसे हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, ये दुर्घटना शनिवार रात को तब हुई जब ये तीनों पुलिसकर्मी 14 साल की एक लापता लड़की की तलाश के लिए गुराडिया-सांगा इलाके से चिंतामण जा रहे थे। बताया गया है कि कार में महिला आरक्षक आरती पाल ड्राइव कर रही थीं। जैसे ही वे शिप्रा नदी के बड़े पुल पर पहुंचे, कार नियंत्रण से बाहर होकर नदी में गिर गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिस, नगर निगम, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, होमगार्ड और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गई। शनिवार रात से जारी बचाव अभियान में देर रात तक सफलता नहीं मिली। रविवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू हुआ।

कई शव बरामद

कुछ समय बाद भैरवगढ़ क्षेत्र से पुलिस को एक शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने शव को बाहर निकाला, जिसकी पहचान उन्हेल थाना प्रभारी अशोक शर्मा के रूप में हुई। इसके बाद नदी से सब-इंस्पेक्टर मदनलाल निनामा का भी शव बरामद किया गया। महिला आरक्षक आरती पाल की तलाश जारी है।

एसपी प्रदीप शर्मा ने कहा है कि पूरी टीम महिला आरक्षक और कार की तलाश में लगी हुई है। हादसे के कारणों की जांच भी जारी है। पुलिस प्रशासन ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया है और परिवारों के प्रति संवेदनाएं जताईं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *