Baghpat: नशे में धुत सिपाहियों ने पुलिस लाइन में मचाया उत्पात, एसपी ने की सख्त कार्रवाई

Share This

बागपत पुलिस लाइन से शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां चार पुलिसकर्मी दो दिनों तक शराब के नशे में धुत होकर बैरक में हंगामा करते रहे। न सिर्फ उत्पात मचाया बल्कि गंदगी फैलाकर माहौल खराब कर दिया। मामला तब खुला जब आरआई राधेश्याम औचक निरीक्षण पर पहुंचे।

निरीक्षण के बाद चारों पुलिसकर्मियों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि हो गई। इसके बाद एसपी सूरज कुमार राय ने सभी को निलंबित कर विभागीय जांच बैठा दी है। साथ ही उनकी तैनाती पूर्वांचल करने के लिए उच्चाधिकारियों से पत्राचार भी शुरू कर दिया गया है।

सभी से करते हैं बदसलूकी

दरअसल, पुलिस लाइन में बड़ी संख्या में जवान रहते हैं। कई पुलिसकर्मी अपने परिवारों के साथ भी यहां ठहरे हुए हैं और प्रशिक्षु सिपाही प्रशिक्षण ले रहे हैं। इस बीच चार हेड कांस्टेबल—सुभाष चंद, धर्मेंद्र, कपिल शर्मा और गौरव कुमार—ने बैरक में शराब पार्टी की और फिर नशे में उत्पात मचाया। डॉक्टरों के मुताबिक सुभाष चंद ने सबसे ज्यादा शराब पी रखी थी।

लाइन के अन्य पुलिसकर्मियों का कहना है कि यह चारों रोजाना शराब पीते थे और विरोध करने वालों से गाली-गलौच करते थे। डर के कारण कोई खुलकर सामने नहीं आता था। जानकारी यह भी सामने आई है कि आरोपियों में से एक पुलिसकर्मी दो दिन पहले ही खेकड़ा थाने से लाइन हाजिर हुआ था और वह भी शराबखोरी का आदी है।

एसपी ने कहा ये

एसपी का कहना है कि जिलेभर में नशे की प्रवृत्ति वाले पुलिसकर्मियों की सूची तैयार की जा रही है। ऐसे सभी पुलिसकर्मियों को पूर्वांचल तबादला किया जाएगा और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अनिवार्य होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *