गाजियाबाद। जिले में अपराध पर नकेल कसने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार नई रणनीतियां लागू कर रही है। इसी कड़ी में इंदिरापुरम सर्किल में एक आधुनिक कंट्रोल रूम शुरू किया गया है, जहां से इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की 24 घंटे निगरानी की जाएगी।
50 से ज्यादा कैमरों का लिया एक्सेस
पुलिस ने अभी तक 50 स्थानों पर लगे कैमरों का एक्सेस अपने कंट्रोल रूम से जोड़ लिया है। इनमें प्रमुख चौराहे, बाजार, मॉल और सार्वजनिक स्थल शामिल हैं। इसके अलावा उन हॉट स्पॉट्स को भी कवर किया गया है, जहां वाहन चोरी और झपटमारी जैसी घटनाओं की आशंका ज्यादा रहती है।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव के अनुसार, थाने में बनाए गए इस कंट्रोल रूम से लगातार गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिसकर्मी 24 घंटे यहां तैनात रहेंगे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
मददगार साबित होगी ये पहल
गाजियाबाद पुलिस का मानना है कि तकनीक आधारित यह पहल अपराध नियंत्रण में मददगार साबित होगी। साथ ही आने वाले समय में अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों का एक्सेस भी कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा।
दरअसल, बीते कुछ समय से पुलिस अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए कई नये प्रयोग कर रही है। कहीं रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाया जा रहा है, तो कहीं हाई-टेक मॉनिटरिंग से अपराधियों की हलचल पर पैनी नजर रखी जा रही है। इन प्रयासों का मकसद सिर्फ एक है—जनता को निडर और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना।